
छपरा। सारण जिले के छपरा विधानसभा क्षेत्र के उमदा खेल मैदान में मंगलवार को एनडीए का विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह और जदयू जिला अध्यक्ष अल्ताफ आलम ‘राजू’ ने संयुक्त रूप से की। सम्मेलन में शामिल नेताओं ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए को प्रचंड बहुमत देगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिनके पुरखों ने संविधान को तोड़ा और जिनके माता-पिता ने बिहार को लूटने का काम किया, वही आज संविधान बचाने और बिहार में शासन चलाने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ऐसे लोगों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
राज्य के मंत्री कृष्णनंदन पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार और केंद्र सरकार ने मिलकर महिलाओं, युवाओं और गरीबों के लिए अभूतपूर्व काम किया है। बिहार को सम्मान और सुशासन की दिशा में ले जाने का काम नीतीश कुमार ने किया है।
पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से मुक्त कराया और सुशासन की सरकार स्थापित की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर विकास कार्यों की जानकारी दें और एनडीए की सरकार को मजबूत बनाने के लिए काम करें।
पूर्व विधायक एवं नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष मनजीत सिंह ने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है जहां महिलाओं को पंचायत चुनावों में 50% आरक्षण दिया गया। युवाओं के लिए रोजगार योजनाएं, बेरोजगारी भत्ता और अन्य कल्याणकारी योजनाएं नीतीश कुमार सरकार की उपलब्धियां हैं।
आरएलएम प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव राम ने कहा कि सारण और छपरा क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, लेकिन एनडीए को यहां जीत सुनिश्चित करनी होगी।
सम्मेलन में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे जिनमें छपरा विधायक डॉ. सीएन गुप्ता, लोजपा आर महासचिव अरुण कुमार सिंह, हम पार्टी प्रदेश सचिव श्रवण भुइयां, पूर्व पालक अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शैलेंद्र सेगर, भाजपा नेता मनोज सिंह पप्पू, राणा जसवंत प्रताप सिंह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष छोटी कुमारी, पूर्व मेयर राखी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री विवेक कुमार सिंह ने किया।